शाहजहांपुर में दो किन्नर गुटों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग, सोनम समेत दो घायल; इलाके के बंटवारे को लेकर पुरानी रंजिश

Saturday, July 25, 2026 - 17:16
0
शाहजहांपुर में दो किन्नर गुटों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग, सोनम समेत दो घायल; इलाके के बंटवारे को लेकर पुरानी रंजिश

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में नेग मांगने के अधिकार क्षेत्र को लेकर दो किन्नर गुटों के बीच चल रही पुरानी रंजिश शुक्रवार रात हिंसक संघर्ष में बदल गई। थाना कलान क्षेत्र में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में किन्नर सोनम और उनके सहयोगी राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। दोनों का इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार, किन्नर सोनम अपने सहयोगी राहुल के साथ मिर्जापुर क्षेत्र से कार से कलान स्थित अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में दूसरे किन्नर गुट के लोगों ने उनकी कार को रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में सोनम के गले के पास गोली लगी, जबकि राहुल भी गोली लगने से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों किन्नर गुटों के बीच नेग मांगने के इलाके के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, इसी मुद्दे को लेकर पहले भी कई बार दोनों पक्षों के बीच झड़प हो चुकी है और कई मामलों में एफआईआर भी दर्ज की गई थीं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में मौजूद घायल पक्ष के लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।

पुलिस ने बताया कि शुरुआत में घटना को लेकर अलग-अलग तरह की सूचनाएं मिली थीं, लेकिन जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि दोनों घायल गोली लगने से घायल हुए हैं। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों और उनके साथियों से भी पूछताछ की।

एसपी ग्रामीण दीक्षा भवरे ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User