मसूरी माल रोड पर पर्यटकों और स्थानीय लोगों में मारपीट, हंगामे के बाद एक व्यक्ति हिरासत में
उत्तराखंड के पर्यटन स्थल मसूरी की माल रोड पर स्थानीय लोगों और हरियाणा से आए पर्यटकों के बीच हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस के अनुसार, पैदल जा रहे एक व्यक्ति और कार सवार पर्यटक के बीच वाहन के हल्का टच होने को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।
सार्वजनिक स्थान पर हुई इस घटना के कारण कुछ समय के लिए माल रोड पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों और अन्य पर्यटकों में भी दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी से चीता मोबाइल और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति पर नियंत्रण पाया और भीड़ को हटाकर माहौल शांत कराया।
प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि वायरल वीडियो की पुष्टि की गई है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन के टच होने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। मामले में नीरज राघव (36), निवासी बड़ा गांव सिकंदरपुर, सेक्टर-86, मानेसर (गुरुग्राम, हरियाणा) को हिरासत में लिया गया है। साथ ही संबंधित वाहन का मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान भी किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)