गुना में भगवान परशुराम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया
गुना (आरएनआई) भगवान विष्णु के छठे अवतार, शक्ति, साहस और धर्म के प्रतीक भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव गुना शहर में बड़े उत्साह, भक्ति और धूमधाम के साथ मनाया गया। वैशाख मास की शुक्ल पक्ष तृतीया (अक्षय तृतीया) को मनाए जाने वाले इस पावन पर्व पर शहर की सड़कों पर सुबह से ही भक्तिमय माहौल छा गया।
प्रातःकाल एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जो रामलीला मैदान स्थित हनुमान मंदिर से प्रारंभ हुई। शोभायात्रा में दस घोड़ो पर सवार युवतिया भगवान का रथ ढोल पर थिरकते युवा और रंग बिरंगे परिधान में ब्राह्मण समाज के पुरुष और महिलाएं शामिल रही हनुमान चौराहा, हाटरोड, सदर बाजार, लक्ष्मीगंज होते हुए दुबे कॉलोनी स्थित हनुमान मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में ब्राह्मण समाज की टोलियां भक्ति गीत गाते हुए, जयकार लगाते हुए और “जय परशुराम” के नारे लगाते हुए निकलीं। शोभायात्रा में भगवान परशुराम की प्रतिमा को भव्य रूप से सजाकर निकाला गया, जिससे पूरा वातावरण दिव्य और पावन हो गया।
शोभायात्रा के दौरान अनेक स्थानों पर रघुवंशी, कायस्थ, ब्राह्मण समाज सहित विभिन्न समुदायों के लोगों द्वारा भगवान परशुराम जी की प्रतिमा का भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने फूल-मालाएं चढ़ाईं, आरती उतारी और पूजन किया। दुबे कॉलोनी हनुमान मंदिर पहुंचने पर विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना, हवन और यज्ञ का आयोजन किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से संत महामंडलेश्वर स्वामी जी ने उपस्थित जनसमुदाय को मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम के जन्मोत्सव का अवसर हमें स्मरण कराता है कि हमें धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ-साथ अपने संस्कारों को निखारना चाहिए। अनीतियों, अन्याय और अधर्म का डटकर विरोध करना तथा सत्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। स्वामी जी ने समाज को एकजुट रहकर सांस्कृतिक मूल्यों को संरक्षित करने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन अनिल भार्गव ने कुशलतापूर्वक किया, जबकि आभार प्रदर्शन नरेन्द्र भार्गव ने किया। स्वागत भाषण आनंद भार्गव द्वारा दिया गया और अतिथि परिचय नर्मदा शंकर भार्गव ने प्रस्तुत किया।
मंच पर प्रमुख रूप से राधेश्याम पारीक, अनिल नायक, प्रमोद शर्मा, आर.डी. शर्मा, दामोदर शर्मा, अरुण चतुर्वेदी, मनोज दुबे, रजनीश शर्मा पार्षद दिनेश शर्मा तथा सुश्री नीता तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक और समाज के वरिष्ठजन उपस्थित रहे।
इस शोभायात्रा और धार्मिक कार्यक्रम ने गुना शहर में भगवान परशुराम जी के प्रति गहरी आस्था, सामाजिक सद्भावना और सांस्कृतिक एकता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया। हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने पूरे आयोजन को और भी यादगार बना दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)