कृष्ण जन्मोत्सव पर मथुरा में किले जैसी सुरक्षा, भारी वाहनों की एंट्री तीन दिन बंद
जन्माष्टमी पर मथुरा में सुरक्षा को लेकर पुख्ता तैयारियां की गई हैं। शहर को चार जोन और 18 सेक्टरों में बांटा गया है। चप्पे-चप्पे पर निगरानी होगी। 15 अगस्त से तीन दिन तक भारी वाहनों पर रोक लगा दी जाएगी।
मथुरा (आरएनआई) श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा में चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात रहकर निगरानी करेंगे। मथुरा को 4 जोन व 18 सेक्टरों में बांटा गया है। जन्मभूमि समेत शहर के प्रमुख मठ मंदिरों में भी पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। इसकी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।
देशभर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत 15 अगस्त की सुबह से तीन दिन भारी वाहनों का प्रवेश बंद होगा। 70 से 80 स्थानों पर बैरिकेडिंग रहेगी। इन सभी बैरियर पर पीएसी के जवान, पुलिस बल और यातायात पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इस व्यवस्था के लिए पीएसी, सिपाही, सभी जोन पर एक सीओ रैंक के अधिकारी, सभी सेक्टरों पर एक-एक इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी तैनात रहेंगे। पुलिसकर्मी हर गतिविधि पर नजर रखेंगे।
इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रखी जाएगी। श्रीकृष्ण जन्मस्थान के अंदर के क्षेत्र रेड जोन में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जाएगा। जन्मस्थान के बाहर यलो और ग्रीन जोन पर सादा कपड़ों में पुरुषों के साथ महिला पुलिस बल की तैनाती रहेगी।
नगर आयुक्त जग प्रवेश ने पार्किंग शुल्क की दरें निर्धारित की हैं। वाहन चालकों से निर्धारित समय के हिसाब से शुल्क वसूला जाएगा। इसमें बस, मिनी बस व मेटाडोर से एक घंटे के 100 रुपये, चार घंटे के 200 रुपये पार्किंग शुल्क लिया जाएगा। 4 घंटे बाद भी वाहन पार्किंग में खड़ा होने पर 2 घंटे के हिसाब से अतिरिक्त 40 रुपए वसूले जाएंगे। इसी तरह दोपहिया वाहनों से एक घंटे के 10 रुपये, चार घंटे के 20 रुपये और दो घंटे के हिसाब से पांच रुपये अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



