स्कूल की जांच करने पहुंची CJP टीम का ग्रामीणों ने किया विरोध, मारपीट और तोड़फोड़ के आरोप
जयपुर। बगरू विधानसभा क्षेत्र के रामपुरा कंवरपुरा गांव में सरकारी स्कूल के निरीक्षण को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। CJP के को-कन्वीनर आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि ग्रामीणों ने टीम के साथ मारपीट की, उनकी शर्ट फाड़ दी और मोबाइल तोड़ दिया। उन्होंने टीम के वाहनों के शीशे तोड़े जाने का भी दावा किया है।
वायरल वीडियो में कुछ ग्रामीण CJP कार्यकर्ताओं को मौके से हटाते और वाहनों की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। CJP की ओर से आरोप लगाया गया कि एक कार्यकर्ता के पीछे रह जाने पर उसके साथ भी मारपीट की गई। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने बाहरी लोगों के स्कूल में आने का विरोध किया था।
ग्रामीणों ने कहा कि स्कूल के लिए सरकार की ओर से 12.50 लाख रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं और वे स्थानीय स्तर पर स्कूल की व्यवस्था सुधारने का प्रयास कर रहे हैं। इसी बात को लेकर CJP कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के बीच बहस के बाद धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
CJP के मुताबिक, टीम रामपुरा कंवरपुरा और वाटिका रोड स्थित भट्टा वाला राजकीय स्कूल का निरीक्षण करने पहुंची थी। पार्टी का दावा है कि रामपुरा कंवरपुरा का स्कूल भवन जर्जर हालत में है और बच्चों को वैकल्पिक स्थान पर पढ़ाया जा रहा है।
विवाद के बीच आशुतोष रांका ने राजस्थान सरकार की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए निरीक्षण अभियान जारी रखने की बात कही। वहीं, कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने भी मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधा और स्कूलों की स्थिति सार्वजनिक किए जाने की जरूरत बताई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)