यूपी: विधानसभा चुनाव से पहले ईवीएम-वीवीपैट की होगी एफएलसी, सभी दलों को दी जाएगी हर चरण की जानकारी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट मशीनों की पहले स्तर की जांच (एफएलसी) की प्रक्रिया को पारदर्शी और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा किया जाएगा। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि जिलों में एफएलसी के प्रत्येक चरण की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एफएलसी प्रक्रिया को सुचारू और निर्धारित मानकों के अनुसार संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों और एफएलसी पर्यवेक्षकों की एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। इन कार्यशालाओं में अधिकारियों को एफएलसी से जुड़ी तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि 14 सितंबर को लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया प्रशिक्षण एवं प्रबंध अकादमी में प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें 33 जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और एफएलसी पर्यवेक्षक हिस्सा लेंगे।
इससे पहले गौतमबुद्ध नगर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला में 21 जिलों और वाराणसी में आयोजित कार्यशाला में भी 21 जिलों के अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। निर्वाचन विभाग का उद्देश्य एफएलसी की पूरी प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के तहत पारदर्शी तरीके से पूरा करना और चुनावी प्रक्रिया में सभी संबंधित पक्षों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)