MP में मूसलाधार बारिश का कहर: सीधी में 104 करोड़ की सड़क बही, रीवा में नदियां उफान पर
मध्य प्रदेश के विंध्य क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से रीवा और सीधी में हालात बिगड़ गए हैं। रीवा में बीहर, बिछिया, टमस और नैना नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई निचली बस्तियों में पानी भर गया है। वहीं, सीधी में तेज बहाव के कारण ग्रामीण संपर्क मार्गों को नुकसान पहुंचा है।
रीवा में निचले इलाकों में जलभराव
लगातार बारिश के बाद रीवा शहर के गुलाब नगर, समान, चिरहुला कॉलोनी, निपनिया, बिछिया, खैरी बस्ती, पुष्पराज नगर, करहिया और अन्य निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति सामने आई है। कई जगह सड़कें पानी में डूब गईं और घरों तक पानी पहुंच गया। प्रशासन ने प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया है।
सीधी में 104 करोड़ की सड़क बही
सीधी जिले के रामपुर नैकिन क्षेत्र में खैरा-डिठौरा मार्ग पर बारिश का भारी असर हुआ। तेज पानी के बहाव में नवनिर्मित सड़क का बड़ा हिस्सा बह गया। बताया जा रहा है कि इस सड़क का निर्माण करीब छह महीने पहले लगभग 104 करोड़ रुपये की लागत से किया गया था। सड़क क्षतिग्रस्त होने से इलाके में आवागमन प्रभावित हो गया है।
रीवा में 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय
बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए रीवा प्रशासन ने 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय किया है। नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर और निचले इलाकों में जलभराव पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों और तेज बहाव वाले रास्तों से दूर रहने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)