बिहार के जमुई में नाबालिग लड़के-लड़की से अभद्रता का आरोप, तीन आरोपी गिरफ्तार; महिला आयोग ने लिया संज्ञान
जमुई। बिहार के जमुई जिले के टाउन थाना क्षेत्र के मड़वा गांव में नाबालिग लड़के और लड़की को रास्ते में रोककर लड़की के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और छेड़खानी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक घटना 19 सितंबर की शाम की है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान शुरू की और पीड़ितों तक पहुंचकर उनके बयान दर्ज किए। पुलिस ने मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। मामले को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी बिहार सरकार पर सवाल उठाते हुए वीडियो में दिखाई दे रहे सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ पॉक्सो के तहत कार्रवाई की मांग की है।
राज्य महिला आयोग ने भी मामले का संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए उन्हें घटना की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि वीडियो में एक किशोरी के साथ कथित छेड़छाड़ की घटना दिखाई दे रही है। आयोग की अध्यक्ष ने जमुई के जिलाधिकारी से भी बात की, जिन्होंने बताया कि घटना 19 सितंबर की शाम जमुई और लखीसराय की सीमा के पास हुई थी।
जिलाधिकारी के मुताबिक घटना में शामिल लोगों की पहचान कर ली गई है और प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। उन्होंने आयोग की अध्यक्ष को सोमवार शाम तक मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।
महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि वह जमुई के पुलिस अधीक्षक को भी पत्र भेजेंगी। पत्र के जरिए मामले में अब तक हुई कार्रवाई और आगे की जांच की स्थिति की जानकारी ली जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)