मुजफ्फरपुर: मंत्री निशांत कुमार के स्वागत में पहुंचे जेडीयू नेता, लौटे तो गले से गायब मिली 7 लाख की सोने की चेन
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के स्वागत समारोह के दौरान जेडीयू नेता राजेश मंडल के गले से सोने की चेन चोरी होने का मामला सामने आया है। चेन की कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोप है कि भीड़ और धक्का-मुक्की के बीच अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के मुजफ्फरपुर पहुंचने पर तुर्की थाना क्षेत्र के सकरी सरैया नहर चौक पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मंत्री के काफिले के पहुंचते ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौके पर जमा हो गए। मंत्री को माला पहनाने और स्वागत करने की होड़ में वहां काफी भीड़ और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
इसी दौरान कुढ़नी प्रखंड के लदौरा निवासी जेडीयू नेता राजेश मंडल भी मंत्री को माला पहनाने के लिए भीड़ के बीच पहुंचे। उन्होंने मंत्री का स्वागत किया और कार्यक्रम में शामिल रहे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब उन्होंने अपने गले पर हाथ लगाया तो सोने की चेन गायब मिली। इसके बाद उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन चेन का कोई पता नहीं चला।
राजेश मंडल के मुताबिक, उन्हें भीड़ और अफरा-तफरी के कारण उसी समय चोरी का पता नहीं चल सका। चेन गायब होने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने मौके पर मौजूद नेताओं और पुलिसकर्मियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद वह तुर्की थाना पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
34 ग्राम की थी सोने की चेन
बताया गया है कि चोरी हुई सोने की चेन का वजन करीब 34 ग्राम था और उसकी कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई जा रही है। शिकायत मिलने के बाद तुर्की थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि भीड़ के बीच चेन चोरी करने वाला कौन था और घटना को किस तरह अंजाम दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)