भदैयाकुंड से लौट रहे गुना के युवकों की कार ट्रक से टकराई, तीन गंभीर
पड़ोसी जिले शिवपुरी के कोलारस थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात एक भीषण सडक़ हादसा घटित हो गया। भदैयाकुंड से पिकनिक मनाकर वापस गुना लौट रहे युवकों की तेज रफ्तार कार पूरणखेड़ी के समीप निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
दुर्घटना में कार में सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य साथियों को मामूली चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और हाईवे एम्बुलेंस की मदद से घायलों को वाहन से निकालकर तत्काल कोलारस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। गंभीर घायलों की पहचान गुना निवासी शिवम ओझा (18), मन्नू (25) और नितिन (26) के रूप में हुई है, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे का मुख्य कारण ओवरब्रिज निर्माण कार्य के चलते लागू किया गया वन-वे ट्रैफिक और वाहनों की तेज रफ्तार माना जा रहा है। एक ही लेन से वाहनों की आवाजाही होने के कारण अचानक सामने आए ट्रक से कार चालक नियंत्रण खो बैठा और सीधी टक्कर हो गई। कोलारस थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)