जम्मू-कश्मीर विधानसभा में हंगामा: एनएचएम कर्मचारियों के मुद्दे पर भाजपा विधायकों का विरोध, धक्का-मुक्की

Monday, September 21, 2026 - 13:09
0
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में हंगामा: एनएचएम कर्मचारियों के मुद्दे पर भाजपा विधायकों का विरोध, धक्का-मुक्की

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर विधानसभा के सात दिवसीय शरद सत्र के पहले दिन एनएचएम कर्मचारियों के मुद्दे को लेकर जमकर हंगामा हुआ। भाजपा विधायकों के विरोध के बीच विपक्ष और सत्ता पक्ष के सदस्यों के बीच नारेबाजी और धक्का-मुक्की भी हुई। हंगामे के दौरान मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सदन में अपनी बात रखते रहे।

विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा के नेतृत्व में विपक्षी विधायकों ने एनएचएम कर्मचारियों और जनता से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। एनएचएम कर्मचारी नौकरी की नीति, नौकरी की सुरक्षा, सेवानिवृत्ति लाभ, सामाजिक सुरक्षा, ईपीएफ कवरेज और अन्य लंबित मांगों को लेकर पूरे जम्मू-कश्मीर में प्रदर्शन कर रहे हैं।

हंगामे के बीच उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने भाजपा विधायकों पर सदन की कार्यवाही नहीं सुनने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार के मंत्री किसी भी मुद्दे पर जवाब देने के लिए तैयार हैं, लेकिन विपक्षी सदस्य सुनने को तैयार नहीं हैं।

वहीं, श्रीनगर में सिविल सचिवालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी के नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। अपनी पार्टी के नेता मोहम्मद अशरफ मीर ने आरक्षण नीति को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आरक्षण नीति पर तैयार रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है, जबकि इसे छह महीने में सार्वजनिक करने का भरोसा दिया गया था।

मीर ने कहा कि दो साल बीत जाने के बावजूद आरक्षण के मुद्दे पर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। उन्होंने दावा किया कि इसका सबसे अधिक असर खुले वर्ग के छात्रों और युवाओं पर पड़ रहा है। उन्होंने बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों को भी गंभीर बताते हुए सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User