जेल में रोशन यादव की मौत पर सियासत तेज, तेजस्वी यादव ने परिजनों से की मुलाकात; निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

Friday, August 21, 2026 - 12:35
0
जेल में रोशन यादव की मौत पर सियासत तेज, तेजस्वी यादव ने परिजनों से की मुलाकात; निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

मधुबनी। रामपट्टी मंडल कारा में बेनीपट्टी प्रखंड के परकौली निवासी रोशन यादव की मौत का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। गुरुवार को बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव ने परकौली पहुंचकर मृतक के परिजनों से मुलाकात की और घटना की पूरी जानकारी ली। इससे पहले जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर भी परिवार से मिल चुके हैं।

परिजनों से मुलाकात के बाद तेजस्वी यादव ने सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर निशाना साधा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। तेजस्वी ने राजद की ओर से मृतक के परिवार को डेढ़ लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही परिवार की दो बहनों में से किसी एक को सरकारी नौकरी देने की मांग भी सरकार से की।

जेल अधीक्षक और पुलिसकर्मियों के निलंबन की मांग

तेजस्वी यादव ने रामपट्टी मंडल कारा के जेल अधीक्षक, संबंधित रक्षाकर्मी और रहिका थाना के एसएचओ को तत्काल निलंबित करने की मांग की। उन्होंने जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की अपील की, ताकि रोशन यादव की मौत की वास्तविक वजह सामने आ सके।

जेल में अचेत मिले थे रोशन यादव

जानकारी के मुताबिक, रोशन यादव रामपट्टी मंडल कारा में अचेत अवस्था में मिले थे। इसके बाद उनकी मौत हो गई। घटना के बाद से ही परिजन मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। परिवार का कहना है कि घटना की पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए और उन्हें न्याय मिलना चाहिए।

तेजस्वी यादव के दौरे के दौरान राज्यसभा सांसद फैयाज अहमद, राजद नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। अब मामले में प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User