मिड-डे मील खाने के बाद 38 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, 19 अस्पताल में भर्ती; फूड पॉइजनिंग की आशंका
मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के सांवेर क्षेत्र के धरमपुर स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को मिड-डे मील खाने के बाद 38 बच्चों की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक दोपहर करीब 1:30 बजे बच्चों को मिड-डे मील के तहत कढ़ी-चावल परोसे गए थे। भोजन करने के कुछ देर बाद ही कई बच्चों ने पेट दर्द, सिरदर्द और चक्कर आने की शिकायत शुरू कर दी।
स्थिति बिगड़ने पर स्कूल प्रबंधन ने परिजनों को सूचना दी और बच्चों को इलाज के लिए इंदौर के अरविंद अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से 19 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 4 बच्चों को एहतियात के तौर पर आईसीयू में रखा गया है। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल किसी भी बच्चे की हालत गंभीर नहीं है और सभी को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
एक बच्ची को घटना से पहले करीब तीन दिन से बुखार होने की जानकारी भी सामने आई है। एक साथ बड़ी संख्या में बच्चों के बीमार पड़ने के बाद फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है, हालांकि बीमारी की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)