खुद के रेस्टोरेंट से खुद ऑर्डर: 5 मिनट में पूरी हो रही थी 75 मिनट की डिलीवरी, स्विगी को 22.68 लाख रुपये का चूना लगाने का आरोप
गाजियाबाद। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने स्विगी प्लेटफॉर्म पर कथित फर्जी ऑर्डर और चोरी किए गए क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल से जुड़े मामले में दो रेस्टोरेंट संचालकों और अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। स्विगी की रिस्क मैनेजमेंट टीम के मैनेजर बिस्वजीत चौधरी की शिकायत पर 18 सितंबर को मामला दर्ज किया गया। पुलिस के सामने आया मामला करीब 22.68 लाख रुपये के संदिग्ध लेनदेन से जुड़ा है।
शिकायत के मुताबिक, कंपनी की आंतरिक जांच के दौरान राधा की रसोई और श्याम रसोई से जुड़े कई ऐसे ऑर्डर सामने आए, जिनमें सामान्य लेनदेन के मुकाबले असामान्य रूप से अधिक रकम थी। राधा की रसोई से सितंबर 2025 से 26 मार्च 2026 के बीच करीब 19.38 लाख रुपये के 85 ऑर्डर किए जाने की बात सामने आई। इनमें करीब 74 प्रतिशत ऑर्डर 10 हजार रुपये से अधिक के थे। जांच में 36 ऑर्डर 30 हजार रुपये से अधिक और 17 ऑर्डर 20 हजार रुपये से ज्यादा के पाए गए।
जांच में ऑर्डर की डिलीवरी को लेकर भी कई असामान्य पैटर्न सामने आए। शिकायत के अनुसार, करीब 76 मिनट की डिलीवरी अवधि वाले कई ऑर्डर महज पांच से छह मिनट में ही पूरे दिखाए गए। इन ऑर्डरों में डिलीवरी की अंतिम दूरी भी सामान्य तौर पर 500 मीटर से कम दर्ज हुई। इससे लेनदेन और डिलीवरी प्रक्रिया को लेकर संदेह गहराया।
जांच में कई ग्राहक खातों में एक जैसे डिवाइस पहचानकर्ता मिलने की बात भी सामने आई है। शिकायत में कम से कम 52 अलग-अलग क्रेडिट कार्ड के दोबारा इस्तेमाल किए जाने का भी उल्लेख है। पुलिस अब इन संदिग्ध लेनदेन और खातों की जांच कर रही है।
शिकायत के अनुसार, राधा की रसोई के लिए दर्ज पता वैशाली सेक्टर-3 की एक दुकान का था, लेकिन जांच के दौरान वहां आस्था फर्नीचर हाउस संचालित मिला। इसी पते का संबंध पहले श्याम रसोई से भी बताया गया है। स्विगी ने श्याम रसोई को कथित तौर पर सेल्फ-ऑर्डर गतिविधियों के चलते पहले ही निष्क्रिय कर दिया था।
अब पुलिस फर्जी ऑर्डर, क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल, संबंधित रेस्टोरेंट संचालकों और ग्राहक खातों के बीच संभावित संबंधों की जांच कर रही है। एफआईआर दर्ज होने के बाद मामले में सामने आए लेनदेन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)