डूसू चुनाव: सातवें राउंड की गिनती पूरी, अध्यक्ष पद पर एबीवीपी और एनएसयूआई में कांटे की टक्कर
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव 2026-27 के लिए शुक्रवार को मतगणना जारी रही। सातवें राउंड की गिनती पूरी होने के बाद अध्यक्ष पद पर एबीवीपी और एनएसयूआई के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। विश्वविद्यालय के 52 कॉलेजों और विभागों में मतदान केंद्र बनाए गए थे। इस बार 40.46 प्रतिशत मतदान हुआ, जो पिछले वर्ष के 39.45 प्रतिशत के मुकाबले 1.01 प्रतिशत अधिक है।
सातवें राउंड तक अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के यश डबास को 8,825 वोट मिले हैं, जबकि एनएसयूआई के विजय शंकर मीना को 8,216 वोट मिले। दोनों उम्मीदवारों के बीच 609 वोटों का अंतर है। मतगणना के शुरुआती राउंड में भी दोनों उम्मीदवारों के बीच बढ़त लगातार बदलती रही। तीसरे राउंड में विजय शंकर मीना 859 वोटों के साथ आगे थे, जबकि यश डबास को 682 वोट मिले थे।
उपाध्यक्ष पद पर एबीवीपी के ईशू मौर्य को 5,739 वोट मिले हैं। एनएसयूआई के वीर चतरथ को 1,620 वोट मिले, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन 11,347 वोट के साथ आगे चल रहे हैं।
सचिव पद पर एबीवीपी की रिया छावड़ी को 7,584 वोट मिले हैं, जबकि एनएसयूआई की नम्रता चौधरी को 5,445 वोट प्राप्त हुए हैं। वहीं संयुक्त सचिव पद पर एबीवीपी के लक्ष्यराज सिंह को 5,413 वोट और एनएसयूआई के गोपाल चौधरी को 5,339 वोट मिले हैं। निर्दलीय उम्मीदवार विशेष यादव को 6,165 वोट मिले हैं।
इससे पहले चौथे राउंड की मतगणना में अध्यक्ष पद पर यश डबास को 1,074, विजय शंकर मीना को 898 और आइसा की अनन्या रतूड़ी को 201 वोट मिले थे। इस राउंड में 224 वोट नोटा के रहे थे।
उपाध्यक्ष पद के चौथे राउंड में ईशू मौर्य को 640, वीर चतरथ को 206 और निर्दलीय दीपांशु शौकीन को 1,360 वोट मिले थे। सचिव पद पर रिया छावड़ी को 843 और नम्रता चौधरी को 632 वोट मिले थे, जबकि 392 मत नोटा के रहे।
डूसू चुनाव की मतगणना शांतिपूर्ण माहौल में जारी है। अध्यक्ष समेत सभी प्रमुख पदों के परिणाम पर छात्रों और उम्मीदवारों की नजर बनी हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)