80वां स्वतंत्रता दिवस: पीएम मोदी के भाषण पर खरगे का हमला, बोले- ‘लाल किले से हर चीज का श्रेय लेते हैं’

Saturday, August 15, 2026 - 17:52
0
80वां स्वतंत्रता दिवस: पीएम मोदी के भाषण पर खरगे का हमला, बोले- ‘लाल किले से हर चीज का श्रेय लेते हैं’

नई दिल्ली। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सरकार पर गरीबों के हितों की अनदेखी करने, संसद के प्रति जवाबदेही से बचने और समाज को बांटने वाली राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।

तिरंगा फहराने के दौरान खरगे के साथ कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी मौजूद रहे। अपने संबोधन में खरगे ने मौजूदा सरकार के कामकाज की तुलना पिछली कांग्रेस सरकारों से की और कांग्रेस के शासनकाल में लागू की गई अधिकार आधारित योजनाओं को देश निर्माण की महत्वपूर्ण विरासत बताया।

पीएम मोदी के भाषण पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाल किले से दिए गए स्वतंत्रता दिवस भाषण पर प्रतिक्रिया देते हुए खरगे ने सरकार के विकास और बदलाव के दावों पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजनाएं यूपीए सरकार के कार्यकाल में बनाई गई थीं।

खरगे ने कहा, “लाल किले से प्रधानमंत्री हर चीज का श्रेय लेते हैं।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह अच्छा है कि प्रधानमंत्री यह दावा नहीं करते कि दुनिया भी सिर्फ उनकी वजह से चल रही है।

खरगे ने सोनिया गांधी की भूमिका का किया जिक्र

कांग्रेस अध्यक्ष ने अधिकार आधारित व्यवस्था को मजबूत करने में सोनिया गांधी की भूमिका का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के दौरान भोजन का अधिकार, शिक्षा का अधिकार और काम का अधिकार यानी मनरेगा जैसे महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए।

खरगे ने कहा कि इन अधिकारों को लागू करने में सोनिया गांधी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और टीम बनाकर नीतियां तैयार करने का काम किया। उन्होंने दावा किया कि आज गरीबों को मिले कई मूलभूत अधिकार पिछली कांग्रेस सरकारों की देन हैं।

उन्होंने मौजूदा केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने ऐसा कोई नया अधिकार नहीं दिया है। खरगे ने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों को कुचलने और लोगों को बांटने वाली राजनीति को बढ़ावा दे रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User