अफसरों के कमरों में AC, छात्रों को पंखा भी नसीब नहीं, अमेठी में आधी रात तक छात्रों का प्रदर्शन
अमेठी के सेठा रोड स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में मंगलवार देर रात छात्रों ने खराब सुविधाओं और हॉस्टल की अव्यवस्थाओं को लेकर जमकर प्रदर्शन किया। छठी से 12वीं कक्षा तक के सैकड़ों छात्र रात करीब 8 बजे से विद्यालय परिसर में धरने पर बैठ गए। उनका प्रदर्शन देर रात करीब एक बजे तक चला। इस दौरान पूरा परिसर ‘टीचर गो बैक’ समेत कई नारों से गूंजता रहा।
छात्रों ने स्कूल के मेस में मिलने वाले खाने की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि खाना खराब होने के कारण कई छात्र रात में भूखे सोने को मजबूर होते हैं। दूषित भोजन के कारण कई छात्रों के बीमार पड़ने की बात भी कही गई। छात्रों के मुताबिक, नाश्ते में अक्सर फ्राई चावल दिया जाता है। शिकायत करने पर कथित तौर पर उन्हें यह कहकर टाल दिया जाता है कि पसंद नहीं है तो घर चले जाओ।
पानी की कमी और हॉस्टल की खराब स्थिति को लेकर भी छात्रों ने नाराजगी जताई। उनका कहना है कि ऊपरी मंजिल के बाथरूम से पानी टपकता है और गर्मी में कमरों के पंखे ठीक से काम नहीं करते। एक छात्र ने कहा, “अफसरों के ऑफिस में AC लगे हैं, लेकिन हमारे कमरों में पंखे भी ठीक से हवा नहीं देते।”
छात्रों ने पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं और शिक्षकों के व्यवहार को लेकर भी शिकायत की। उनका आरोप है कि कई बार किताबें उपलब्ध नहीं होने के बावजूद पढ़ाई कराई जाती है और सवाल पूछने पर कुछ शिक्षक कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं।
हंगामे की सूचना मिलने के बाद एसडीएम गौरीगंज दिशा श्रीवास्तव, एसडीएम मुसाफिरखाना, सीओ गौरीगंज और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने देर रात छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मांगों से संबंधित लिखित ज्ञापन लिया।
अधिकारियों ने छात्रों को मामले की निष्पक्ष जांच और उनकी शिकायतों पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब रात एक बजे छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त किया और वापस अपने कमरों में लौट गए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)