देवरिया में तिरंगा यात्रा के दौरान 80 छात्राओं की तबीयत बिगड़ी, डिहाइड्रेशन से कई हुईं बेहोश

Thursday, August 13, 2026 - 22:02
0
देवरिया में तिरंगा यात्रा के दौरान 80 छात्राओं की तबीयत बिगड़ी, डिहाइड्रेशन से कई हुईं बेहोश

उत्तर प्रदेश के देवरिया में गुरुवार को तिरंगा यात्रा के दौरान करीब 80 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। कई छात्राएं बेहोश हो गईं, जबकि कई को उल्टियां होने लगीं। सभी छात्राओं को तत्काल देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।

एक साथ बड़ी संख्या में छात्राओं के अस्पताल पहुंचने से इमरजेंसी में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पर्याप्त बेड नहीं होने के कारण कुछ छात्राओं का इलाज जमीन पर लिटाकर किया गया, जबकि कई जगह एक ही बेड पर दो-दो छात्राओं का उपचार करना पड़ा। शिक्षकों ने छात्राओं को गोद में उठाकर और वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों के अनुसार, छात्राएं सुबह से धूप में रहने और पर्याप्त पानी व भोजन नहीं मिलने के कारण गंभीर डिहाइड्रेशन का शिकार हुईं। चिकित्सकों की टीम लगातार उनका इलाज और निगरानी कर रही है। बाद में 21 छात्राओं की हालत में सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य छात्राओं का उपचार जारी रहा। सभी छात्राएं कस्तूरबा बालिका विद्यालय की कक्षा 6 से 12 तक की बताई जा रही हैं।

तिरंगा यात्रा का आयोजन पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज से किया गया था। सुबह करीब 9 बजे से छात्राओं को कार्यक्रम के लिए बुला लिया गया था। यात्रा में करीब 20 स्कूलों के लगभग 2,500 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।

यात्रा दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुई और लगभग डेढ़ किलोमीटर की दूरी तय करते हुए रवींद्र शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंची। भीषण गर्मी के बीच छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान कई छात्राओं को कमजोरी और चक्कर आने की शिकायत हुई।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। घटना के बाद छात्राओं की सुरक्षा, गर्मी में आयोजित कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं और पर्याप्त चिकित्सा सुविधाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User