जेल में बंद पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के पास मिला मोबाइल फोन, छापेमारी के बाद अधिकारियों पर उठे सवाल
बंगलूरू। परप्पना अग्रहारा केंद्रीय जेल में केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) की छापेमारी के दौरान पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना की बैरक से एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ है। हाई-सिक्योरिटी जेल में प्रतिबंधित वस्तु मिलने के बाद जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस महानिदेशक (कारागार एवं सुधार सेवाएं) आलोक कुमार के अनुसार, मंगलवार 11 अगस्त को सीसीबी ने जेल में चार से पांच घंटे तक तलाशी अभियान चलाया था। इसी दौरान रेवन्ना की बैरक से मोबाइल फोन जब्त किया गया। मामले में सीसीबी ने परप्पना अग्रहारा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है और एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जेल प्रशासन पर कार्रवाई
अधिकारियों के मुताबिक, 6 अगस्त को भी रेवन्ना की बैरक की तलाशी ली गई थी, लेकिन उस समय कोई प्रतिबंधित वस्तु नहीं मिली थी। इसके बाद डीआईजी (दक्षिण) की रिपोर्ट के आधार पर ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में सहायक अधीक्षक श्री इरन्ना रंगपुर को निलंबित कर दिया गया है।
वहीं, बंगलूरू केंद्रीय कारागार के अधीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
प्रज्वल रेवन्ना पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पोते और जेडी(एस) नेता एचडी रेवन्ना के बेटे हैं। उन्होंने 2019 से 2024 तक लोकसभा में हासन सीट का प्रतिनिधित्व किया था। उन्हें मई 2024 में यौन उत्पीड़न के मामलों के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। अगस्त 2025 में बंगलूरू की विशेष अदालत ने एक मामले में उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी, जिसके बाद उन्हें परप्पना अग्रहारा जेल भेजा गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)