तेलंगाना में एसआईआर का बड़ा अपडेट: 92 लाख में 54 लाख नाम मतदाता सूची में शामिल, बाकी 40 लाख पर प्रक्रिया जारी
हैदराबाद। तेलंगाना में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी सी. सुधर्शन रेड्डी के अनुसार, एसआईआर के दौरान नोटिस दिए गए करीब 92 लाख मतदाताओं में से लगभग 54 लाख के नाम मुख्य मतदाता सूची में शामिल किए जा चुके हैं। बाकी करीब 40 लाख मतदाताओं से जरूरी दस्तावेज लिए जाने और उनकी जांच की प्रक्रिया जारी है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि शेष मतदाताओं के दस्तावेज जुटाने के बाद उन्हें भी मुख्य मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। हालांकि, जो मतदाता दूसरी जगह स्थायी रूप से चले गए हैं या जिनकी मृत्यु हो चुकी है, उनके नाम सूची में शामिल नहीं किए जाएंगे। यह प्रक्रिया 5 नवंबर तक जारी रहने की बात कही गई है।
एसआईआर के दौरान जिन मतदाताओं के रिकॉर्ड में विसंगतियां मिलीं या जिनकी जानकारी वर्ष 2002 की मतदाता सूची से नहीं जुड़ पाई, उन्हें नोटिस जारी किए गए थे। ऐसे मामलों में संबंधित बूथ लेवल अधिकारी मतदाता के घर जाकर आवश्यक दस्तावेज जुटाएंगे और उन्हें ईसीआई नेट पर अपलोड करेंगे। इसके बाद निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी या सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी मामले की जांच कर निर्णय लेंगे।
अधिकारियों के मुताबिक, सामान्य स्थिति में नोटिस पाने वाले मतदाताओं को सुनवाई के लिए कार्यालय बुलाने की जरूरत नहीं होगी। केवल विशेष परिस्थितियों में सुनवाई कराई जा सकती है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद बाकी करीब 40 लाख मतदाताओं में से कितने नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल होते हैं। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 9 नवंबर को निर्धारित है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)