सफाई कर्मचारियों को नियमित करने सहित 4 सूत्रीय मांगों को लेकर महा वाल्मीकि पंचायत ने सीएमओ को सौंपा ज्ञापन
मध्य प्रदेश महा वाल्मीकि पंचायत के बैनर तले जिलाध्यक्ष करण मालवीय के नेतृत्व में नगर पालिका परिसर में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। तत्पश्चात सफाई कर्मचारियों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं व मांगों को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी शैलेंद्र अवस्थी को एक ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने प्रमुखता से चार मांगें सीएमओ के समक्ष रखीं। पहली मांग के तहत नपा में पिछले 10 से अधिक वर्षों से नाममात्र के वेतन (10 से 11 हजार रुपये) पर कार्य कर रहे कच्चे सफाई कर्मचारियों को तत्काल नियमित करने का आग्रह किया गया, ताकि वे अपने परिवार का भरण-पोषण सम्मानपूर्वक कर सकें। दूसरी मांग में कर्मचारियों को हर माह की 2 या 3 तारीख तक नियमित वेतन देने की बात कही गई, जिससे बच्चों की स्कूल फीस और लोन की किश्तें समय पर भरी जा सकें।
तीसरी मांग के रूप में शहर की बढ़ती आबादी के अनुपात में नए सफाई कर्मचारियों की भर्ती करने तथा चौथी मांग के अंतर्गत दिवंगत दैनिक वेतनभोगी व विनियमित कर्मचारियों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति देने का आग्रह किया गया।
सीएमओ शैलेंद्र अवस्थी ने मांगों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए आश्वस्त किया कि शासन के नियमानुसार उच्च स्तर पर विचार-विमर्श कर उचित कार्यवाही की जाएगी। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री जगराम धूरियां, संभाग उपाध्यक्ष अशोक चीटालिया, जिला कार्यवाहक अध्यक्ष अर्जुन धुरिया सहित बड़ी संख्या में वाल्मीकि समाज के लोग एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)