दुर्गापुर के जंगल में मिली जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा, कांग्रेस ने जताई नाराजगी; कार्रवाई में देरी पर आंदोलन की चेतावनी
दुर्गापुर। पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा को कथित तौर पर उसके स्थान से हटाकर पास के जंगल में फेंके जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर कांग्रेस ने नाराजगी जताते हुए प्रशासन और पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और प्रतिमा को दोबारा स्थापित नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
कांग्रेस के अनुसार, हर्षवर्धन प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित मेडिटेशन सेंटर के सामने पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा लगी थी। आरोप है कि प्रतिमा को क्रेन की मदद से वहां से हटाया गया और बाद में पास के जंगल में फेंक दिया गया। कांग्रेस ने घटना से जुड़ी तस्वीरें भी साझा की हैं।
कांग्रेस का आरोप है कि इस घटना के पीछे जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। पार्टी ने पुलिस और प्रशासन से मामले की जांच कर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की है।
जिला कांग्रेस ने घटना के विरोध में प्रदर्शन भी किया। पार्टी ने प्रशासन से मांग की है कि नेहरू की प्रतिमा को तत्काल उसी स्थान पर दोबारा स्थापित किया जाए, जहां वह पहले लगी थी।
कांग्रेस ने कहा कि सार्वजनिक स्थान पर स्थापित किसी महापुरुष की प्रतिमा को इस तरह हटाना गंभीर मामला है। पार्टी ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले में विस्तृत जांच और कार्रवाई का इंतजार है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)