दक्षिण अफ्रीका में भीषण सड़क हादसा: दो मिनीबस टैक्सियों की आमने-सामने टक्कर, 21 लोगों की मौत; कई गंभीर घायल
दक्षिण अफ्रीका के पश्चिमी केप प्रांत में रविवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा दो मिनीबस टैक्सियों की आमने-सामने की टक्कर के बाद हुआ। इसके बाद एक एसयूवी भी दोनों वाहनों से जा टकराई, जिससे दुर्घटना और भी गंभीर हो गई।
रोड ट्रैफिक मैनेजमेंट कॉरपोरेशन के अनुसार, हादसा पश्चिमी केप प्रांत में प्रिंस अल्बर्ट और लीउ-गाम्का के बीच एन1 हाईवे पर हुआ। यह स्थान केप टाउन से करीब 380 किलोमीटर पूर्व में स्थित है। अधिकारियों ने बताया कि आपातकालीन सेवाएं और संबंधित अधिकारी घटनास्थल का आकलन कर रहे हैं। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में घायल तीन लोगों को अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में घायल अन्य लोगों का उपचार जारी है और कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पश्चिमी केप के मोबिलिटी विभाग के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि दुर्घटना की शुरुआत दो मिनीबस टैक्सियों की आमने-सामने की टक्कर से हुई। टक्कर के बाद एक एसयूवी भी दोनों वाहनों से जा भिड़ी। हादसे के बाद एन1 हाईवे के दुर्घटनाग्रस्त हिस्से को यातायात के लिए बंद कर दिया गया। रोड ट्रैफिक मैनेजमेंट कॉरपोरेशन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
दक्षिण अफ्रीका में सार्वजनिक परिवहन के लिए लाखों लोग मिनीबस टैक्सियों पर निर्भर हैं। हालांकि, ये वाहन देश में होने वाले कई गंभीर सड़क हादसों में शामिल रहे हैं। जनवरी में मिनीबस टैक्सियों से जुड़े दो अलग-अलग हादसों में कम से कम 25 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 14 बच्चे भी शामिल थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)