कश्मीर में पीएम पैकेज कर्मियों के लिए राहत की खबर, जल्द मिलेगा ट्रांजिट आवास; छह परियोजनाएं अंतिम चरण में

Monday, September 14, 2026 - 21:27
0
कश्मीर में पीएम पैकेज कर्मियों के लिए राहत की खबर, जल्द मिलेगा ट्रांजिट आवास; छह परियोजनाएं अंतिम चरण में

कश्मीर में प्रधानमंत्री पैकेज के तहत कार्यरत कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित ट्रांजिट आवास का इंतजार अब खत्म होने की उम्मीद है। प्रशासन ने आवास परियोजनाओं का काम तेजी से पूरा कराने की पहल शुरू कर दी है। छह ट्रांजिट आवास परियोजनाएं पूर्णता के उन्नत चरण में पहुंच चुकी हैं। इनमें श्रीनगर के जेवन में सबसे महत्वपूर्ण प्रगति हुई है, जहां सभी 39 ब्लॉकों का सिविल कार्य पूरा हो चुका है।

मंडलायुक्त कश्मीर अंशुल गर्ग ने सरकार से ट्रांजिट आवासों का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर पात्र कर्मचारियों को आवासों का कब्जा सौंपने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से जल्द आवास उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर 9 सितंबर को श्रीनगर के प्रेस क्लब में विरोध प्रदर्शन भी किया गया था।

मंडलायुक्त की ओर से 11 सितंबर को डीएमआरआरएंडआर विभाग के प्रधान सचिव को भेजे गए पत्र में बताया गया कि छह परियोजनाएं पूर्णता के उन्नत चरण में हैं। इनमें श्रीनगर का जेवन, कुपवाड़ा का कुलंगामबाग, बडगाम का काकनमारन, पुलवामा का लेथपोरा, अनंतनाग का मच्छभवन और कुलगाम का चौगाम शामिल हैं।

प्रशासन ने इन आवास परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी तैयारी पूरी कर ली है। इसके लिए आईजीपी कश्मीर के साथ समन्वय किया गया है और पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है, जिसे कर्मचारियों को आवासों का कब्जा सौंपे जाने के बाद तैनात किया जा सकेगा।

पीडब्ल्यूडी के आरएंडबी सर्किल श्रीनगर साउथ ने भी जेवन में तैयार ट्रांजिट आवासों को जल्द कब्जे में लेकर कर्मचारियों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया है। विभाग के अनुसार जेवन में सभी 39 ब्लॉकों का सिविल कार्य पूरा हो चुका है। इनमें 26 ब्लॉकों में लिफ्ट भी लगाई जा चुकी हैं।

इनमें से 10 लिफ्टों को मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग से आवश्यक प्रमाणन मिल चुका है, जबकि 16 अन्य लिफ्टों का प्रमाणन प्रक्रियाधीन है। पूरे परिसर की चारदीवारी और प्रवेश द्वार का निर्माण पूरा हो चुका है। इसके अलावा आंतरिक सड़कों को भी मैकडमाइज कर दिया गया है।

विभाग ने डीएमआरआरएंडआर से तैयार ब्लॉकों का कब्जा लेने की प्रक्रिया जल्द शुरू करने का आग्रह किया है, ताकि प्रधानमंत्री पैकेज के तहत कार्यरत पात्र कर्मचारियों को आवास उपलब्ध कराकर लंबे समय से चली आ रही उनकी समस्या का समाधान किया जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User