गुरुग्राम में हिट एंड रन का मामला, महिला बाइकर को कार ने मारी टक्कर; बाइक कई मीटर तक घिसटी, वीडियो वायरल

Monday, September 14, 2026 - 14:32
0
गुरुग्राम में हिट एंड रन का मामला, महिला बाइकर को कार ने मारी टक्कर; बाइक कई मीटर तक घिसटी, वीडियो वायरल

गुरुग्राम। गोल्फ कोर्स रोड पर रविवार को एक महिला बाइकर को कार से टक्कर मारकर भागने का मामला सामने आया है। हादसे में महिला बाइकर सिया घायल हो गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि वह अपनी मोटरसाइकिल से सड़क पर गिर गईं और उनकी बाइक कई मीटर तक घिसटती चली गई। पूरी घटना बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो सिया ने सोशल मीडिया पर साझा किया है।

सिया के मुताबिक, वह अपनी अप्रिलिया आरएस 457 मोटरसाइकिल से बाइकिंग समूह के साथ गोल्फ कोर्स रोड पर जा रही थीं। उनका आरोप है कि राइड शुरू होने के बाद से ही एक कार में सवार कुछ लोग लगातार उनका पीछा कर रहे थे। सिया ने दावा किया कि कार सवारों का व्यवहार आक्रामक था और वे बार-बार उनकी बाइक के करीब आने की कोशिश कर रहे थे।

सिया के अनुसार, कुछ देर बाद कार उनके बिल्कुल करीब आ गई और उसमें बैठे लोगों ने उनके साथ बदतमीजी की। उन्होंने कार सवारों से दूरी बनाए रखने को कहा, लेकिन आरोप है कि उन्होंने उन्हें बाइक रोकने के लिए कहा। सिया का यह भी दावा है कि कार में सवार लोग नशे में लग रहे थे।

इसके बाद कार कुछ आगे निकल गई और कथित तौर पर सिया की बाइक को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सिया बाइक समेत सड़क पर गिर गईं, जबकि उनकी मोटरसाइकिल सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

घटना का पूरा वीडियो सिया की बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है। वीडियो में कार के बाइक को टक्कर मारने और उसके बाद बाइक के सड़क पर घिसटने का दृश्य दिखाई दे रहा है। सिया ने घटना की जानकारी अपने इंस्टाग्राम खाते पर साझा करते हुए मामले को सामने रखा है।

पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस कार की पहचान और उसके चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User