उत्तरकाशी में भारी मलबे से प्रशासन अलर्ट, पापड़गाड़ में नदी के जलस्तर पर निगरानी; मसूरी-देहरादून मार्ग भी बाधित
उत्तरकाशी/देहरादून। उत्तराखंड में लगातार बारिश के बीच मंगलवार को उत्तरकाशी के पापड़गाड़ क्षेत्र में भारी मलबा आने की सूचना से प्रशासन अलर्ट हो गया। स्थिति को देखते हुए संबंधित विभागों को सतर्क रहने और नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रही है।
तहसील भटवाड़ी क्षेत्र के पापड़गाड़ में बाढ़ की सूचना मिलने के बाद यूजेवीएनएल के मनेरी, जोशियाड़ा और धरासू क्षेत्रों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया। तहसीलदार भटवाड़ी, एसडीआरएफ, पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई। संबंधित टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति पर नजर बनाए रखी। फिलहाल पापड़गाड़ में हालात सामान्य बताए जा रहे हैं।
मसूरी-देहरादून मार्ग पर भू-धंसाव से यातायात प्रभावित
वहीं, मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानीवाला बैंड के पास मंगलवार सुबह करीब पांच बजे भू-धंसाव होने से सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क पर मलबा आने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग की टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का काम शुरू किया। विभाग के अपर सहायक अभियंता प्रदीप सिंह शाही के अनुसार, क्षेत्र में रोड कटिंग और हिल साइड कटिंग का काम भी चल रहा है। विभाग की टीम सड़क को जल्द यातायात के लिए खोलने में जुटी हुई है।
मार्ग बंद होने से मसूरी और देहरादून के बीच आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश के बीच प्रशासन और संबंधित विभाग संवेदनशील क्षेत्रों पर निगरानी बनाए हुए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)