ग्रेटर नोएडा बस अग्निकांड: यात्रियों ने पहले ही दी थी जलने की बदबू की सूचना, चालक-परिचालक पर बस न रोकने का आरोप

Thursday, September 24, 2026 - 13:14
0
ग्रेटर नोएडा बस अग्निकांड: यात्रियों ने पहले ही दी थी जलने की बदबू की सूचना, चालक-परिचालक पर बस न रोकने का आरोप

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से महोबा जा रही स्लीपर बस में लगी आग के मामले में यात्रियों की शिकायत से चालक और परिचालक की कथित लापरवाही सामने आई है। जेवर थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, बस में आग लगने से पहले यात्रियों को जलने जैसी तेज बदबू महसूस हुई थी। उन्होंने चालक और परिचालक को इसकी जानकारी देकर बस रोकने और जांच करने के लिए कहा था।

शिकायत के मुताबिक, यात्रियों की चेतावनी के बावजूद बस को तत्काल नहीं रोका गया। आरोप है कि चालक और परिचालक ने यात्रियों की बात को गंभीरता से नहीं लिया और उनसे कथित तौर पर कहा कि ‘मरना है तो मरो, बस नहीं रोकेंगे।’ कुछ ही देर बाद चालक की सीट के पास से आग की लपटें निकलने लगीं और देखते ही देखते आग बस के अन्य हिस्सों में फैल गई। इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। 

घटना बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात की है। बस संख्या BR32PA8647 दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही थी और जेवर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के 33 किलोमीटर माइलस्टोन के पास आग की चपेट में आ गई। हादसे के समय बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। आग लगने के बाद बस के अंदर धुआं भर गया और कई यात्रियों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और स्थानीय पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। इसके अलावा एक रेस्क्यू टेंडर, जेवर टोल प्लाजा पर तैनात फायर टेंडर और चार अन्य दमकल वाहन भी घटनास्थल पर भेजे गए। राहत और बचाव अभियान के दौरान 20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बस के अंदर तलाशी लेने पर नौ यात्री मृत मिले

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि बस के एयर कंडीशनिंग सिस्टम में चिंगारी या किसी तरह की तकनीकी खराबी के कारण इंजन के लुब्रिकेंट ऑयल में आग लगी होगी। इसके बाद आग तेजी से पूरी बस में फैल गई। पुलिस ने मामले में चालक और परिचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। वहीं, पुलिस चालक और परिचालक की भूमिका समेत आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। यात्रियों की शिकायत में लगाए गए लापरवाही के आरोप भी जांच का हिस्सा हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User