राहुल गांधी पर FIR के बाद कांग्रेस का BJP पर हमला, बोली- मुकदमों से नहीं डरेंगे, जातिवादी मानसिकता के खिलाफ लड़ाई जारी
हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा के बाद कथित ‘शुद्धिकरण’ कार्यक्रम को लेकर राहुल गांधी के बयान पर एफआईआर दर्ज होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने कहा है कि मुकदमों और सत्ता के दबाव से पार्टी पीछे हटने वाली नहीं है और वह लोकतांत्रिक एवं कानूनी तरीके से इस कार्रवाई का जवाब देगी।
कांग्रेस महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया कि खरगे की सभा के बाद कथित शुद्धिकरण कार्यक्रम आयोजित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया, जिन्होंने इस घटना पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन उनके खिलाफ ही एफआईआर दर्ज कर दी गई।
सैलजा ने इसे भाजपा-आरएसएस की कथित दलित विरोधी और संविधान विरोधी सोच का उदाहरण बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि एफआईआर के डर से राहुल गांधी या कांग्रेस अपनी आवाज दबाने वाली नहीं है। कांग्रेस के मुताबिक, दलित सम्मान, संविधान की रक्षा और जातिवादी मानसिकता के खिलाफ उसकी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।
कांग्रेस का कहना है कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में 8 अगस्त को मल्लिकार्जुन खरगे की सार्वजनिक सभा हुई थी। इसके बाद 11 अगस्त को वहां कथित तौर पर शुद्धिकरण यज्ञ किए जाने को लेकर विवाद सामने आया। कांग्रेस ने इस घटना को दलित सम्मान से जोड़ते हुए इसका विरोध किया था।
राहुल गांधी ने 29 अगस्त को नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस घटना की आलोचना करते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। कांग्रेस के अनुसार, खरगे ने भी संसद में इस घटना का जिक्र करते हुए इसे छुआछूत की भावना से जोड़कर अपनी पीड़ा व्यक्त की थी।
कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस इस मामले में कानूनी प्रक्रिया का सामना करेगी और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि एफआईआर पार्टी की दलित सम्मान और संविधान की रक्षा की लड़ाई को रोक नहीं सकती।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)