एकलव्य स्कूल के छात्रों का हल्लाबोल, छुरी में चार घंटे तक चक्काजाम; एसडीएम के लिखित आश्वासन पर खत्म हुआ आंदोलन
कोरबा के छुरी स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के छात्रों ने अपनी मांगें पूरी नहीं होने से नाराज होकर गुरुवार को एक बार फिर सड़क पर उतरकर आंदोलन किया। बड़ी संख्या में छात्र सुबह करीब 7 बजे पढ़ाई छोड़कर छुरी पंचायत के सामने कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर बैठ गए और चक्काजाम कर दिया। करीब चार घंटे तक चले आंदोलन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही सहायक आयुक्त, अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर और थाना प्रभारी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसडीएम की ओर से लिखित आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने आंदोलन समाप्त कर दिया।
प्रिंसिपल और छात्रावास अधीक्षक को हटाने की मांग
छात्रों की प्रमुख मांग स्कूल के प्रिंसिपल डॉ. अरसद अहमद अली और छात्रावास अधीक्षक को तत्काल हटाने की है। छात्रों का आरोप है कि प्रिंसिपल के खिलाफ कई गंभीर शिकायतें हैं। इसके अलावा विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण भी उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
छात्रों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर पहले भी कई बार आंदोलन कर चुके हैं और अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंप चुके हैं। इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर उन्हें दोबारा सड़क पर उतरना पड़ा।
एक महीने में तीसरी बार आंदोलन
एकलव्य आवासीय विद्यालय के छात्रों का यह एक महीने के भीतर तीसरा आंदोलन है। इससे पहले एक कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने विधायक का घेराव किया था। इसके बाद उन्होंने सड़क पर उतरकर चक्काजाम भी किया था। अब मांगें पूरी नहीं होने से नाराज छात्रों ने एक बार फिर सड़क पर बैठकर आंदोलन शुरू कर दिया।
करीब चार घंटे तक चले इस प्रदर्शन के बाद प्रशासन के लिखित आश्वासन पर छात्रों ने चक्काजाम समाप्त किया। अधिकारियों ने छात्रों की शिकायतों पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)