अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों की सीएम मोहन यादव ने की समीक्षा, 24 से 27 अगस्त के लिए प्रशासन अलर्ट
रीवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रीवा, शहडोल और जबलपुर संभाग में अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों के साथ नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविर स्थापित कर नागरिकों को आवश्यक सुविधाएं और सहायता उपलब्ध कराई गई है। पिछले दो दिनों से बारिश थमने के बाद अधिकांश नागरिक राहत शिविरों से अपने घर लौट चुके हैं।
उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि के दौरान जिन नागरिकों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं या जिन क्षेत्रों में जनहानि और पशुहानि हुई है, उन्हें नियमानुसार सरकार की ओर से मुआवजा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने 24 से 27 अगस्त 2026 के बीच जिन जिलों में वर्षा चक्र सक्रिय होने की संभावना है, वहां प्रशासनिक अधिकारियों को सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। संभावित प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के साथ जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव की सभी व्यवस्थाएं तैयार रखने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 20 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। इसे देखते हुए कृषि विभाग को कम पानी में बेहतर उत्पादन देने वाली फसलों को प्रोत्साहित करने और किसानों को आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि बदलती मौसम परिस्थितियों के बीच सरकार का प्रयास है कि नागरिकों की सुरक्षा के साथ किसानों के हितों का भी पूरा ध्यान रखा जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)