मीनेश मंदिर के पास तेल से भरा टैंकर पलटा, बहता तेल भरने पहुंचे लोगों को पुलिस ने रोका
गुना/बीनागंज। टोड़ी रोड स्थित मीनेश मंदिर परिसर के समीप कॉरपोरेशन वेयरहाउस के पास रविवार को तेल से भरा एक टैंकर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से तेल बहने लगा, जिसे देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ लोगों ने बहते हुए तेल को भरने का प्रयास भी किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तेल भरने के लिए पहुंचे लोगों को वहां से हटाया। पुलिस ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित करते हुए लोगों को टैंकर से दूर रहने के निर्देश दिए।

बताया जा रहा है कि टैंकर का क्रमांक एमपी 13 जेडएच 4948 है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे में टैंकर का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद चालक और क्लीनर मौके से निकल गए।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि टैंकर तेल लेकर कहां से आ रहा था और उसे कहां जाना था। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। वहीं पलटे हुए टैंकर को सड़क से हटाने और सीधा करने के लिए क्रेन बुलाई गई। पुलिस की मौजूदगी में क्रेन की मदद से टैंकर को सीधा करने की कार्रवाई की गई।

हादसे के बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए लोगों को घटनास्थल से दूर किया। टैंकर किस वजह से पलटा और उसमें किस प्रकार का तेल भरा था, इसकी जानकारी पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)