लाहौल में फटा बादल, हिमाचल में भूस्खलन से 105 सड़कें बाधित; 24 अगस्त तक बारिश का अनुमान

Tuesday, August 18, 2026 - 12:29
0
लाहौल में फटा बादल, हिमाचल में भूस्खलन से 105 सड़कें बाधित; 24 अगस्त तक बारिश का अनुमान

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून के सक्रिय रहने के बीच बारिश और भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मंगलवार सुबह 10 बजे तक प्रदेश में 105 सड़कें बाधित रहीं। इसके अलावा 36 बिजली ट्रांसफार्मर और 15 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हैं। सबसे ज्यादा सड़कें कुल्लू और मंडी जिलों में बाधित हुई हैं।

लाहौल-स्पीति जिले के चोखंग क्षेत्र के गौरी नाला में बादल फटने से चोखंग-नैनगाहर सड़क का एक हिस्सा बह गया। करीब 400 मीटर सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। घटना सोमवार देर शाम की बताई जा रही है। लोक निर्माण विभाग ने मंगलवार सुबह से सड़क को बहाल करने का काम शुरू कर दिया।

सड़क बंद होने से नीलकंठ जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ क्षेत्र के किसानों की सब्जियों से लदी गाड़ियां भी फंस गई हैं। मूरिंग पंचायत के प्रधान संदीप पुजारा ने सड़क को जल्द बहाल करने की मांग की है, क्योंकि घाटी में सब्जियों का सीजन चल रहा है। उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरन भड़ाना ने बताया कि बादल फटने के कारण सड़क का एक हिस्सा बह गया है।

इस मानसून सीजन में 30 जून से 17 अगस्त तक प्रदेश में आपदा से संबंधित घटनाओं में 196 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 299 लोग घायल हुए हैं। इस दौरान 32 पक्के और 53 कच्चे मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। 312 कच्चे-पक्के मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा 14 दुकानों और 270 गोशालाओं को भी नुकसान हुआ है। इस अवधि में 425 पालतू पशु-पक्षियों की मौत की भी सूचना है।

प्रदेश में मानसून से अब तक हुए नुकसान का अनुमान 99,479.96 लाख रुपये तक पहुंच गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में 24 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मंगलवार को कई जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 19 से 21 अगस्त तक कुछ क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटों में कोठी में 71.4 मिलीमीटर, धर्मशाला में 52.2 मिलीमीटर, कसौली में 52.0 मिलीमीटर, काहू में 47.4 मिलीमीटर, नाहन में 46.4 मिलीमीटर, जोत में 42.4 मिलीमीटर, सुंदरनगर में 24.9 मिलीमीटर, शिमला में 14.7 मिलीमीटर, धौलाकुआं में 22.5 मिलीमीटर और पांवटा साहिब में 13.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User