कोटद्वार में बारिश का कहर, मकान ढहने से तीन लोग मलबे में दबे; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Tuesday, August 18, 2026 - 12:30
0
कोटद्वार में बारिश का कहर, मकान ढहने से तीन लोग मलबे में दबे; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

कोटद्वार। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच कोटद्वार के द्वारीखाल ब्लॉक स्थित मेहरगांव (भलगांव) में एक मकान ढह गया। हादसे में तीन लोगों के मलबे में दबे होने की सूचना है। घटना के बाद बचाव दल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गया है।

पर्वतीय क्षेत्रों में बीती रात से लगातार बारिश हो रही है। भारी बारिश के कारण सिलगाड़ और लंगूरगाड़ नदियों का जलस्तर बढ़कर खतरे के स्तर तक पहुंच गया है। सरुड़ा गांव में पंचायत घर और खोह नदी के किनारे बने घरों पर भी खतरा मंडरा रहा है।

लंगूरगाड़ नदी के बढ़े जलस्तर से सुभाष बाजार वार्ड का कंडवाल मोहल्ला भी खतरे की स्थिति में है। पुलिस और प्रशासन की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग 534 पर कई स्थानों पर भूस्खलन होने से यातायात प्रभावित हुआ है। रपटे में भी जलस्तर बढ़ने से हालात संवेदनशील बने हुए हैं।

ज्योतिर्मठ की उर्गम घाटी स्थित पांचवें केदार भगवान कल्पेश्वर महादेव मंदिर के पास भी भारी बारिश के चलते भूस्खलन हुआ है। पहाड़ी से आया मलबा मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में जमा हो गया है। लगातार बारिश के कारण मंदिर क्षेत्र में नुकसान हुआ है और मलबा आने से श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हुई है। फिलहाल श्रद्धालु मंदिर तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। रास्ता साफ होने के बाद ही दर्शन के लिए आवाजाही सामान्य हो सकेगी।

मौसम विभाग ने देहरादून और टिहरी जिलों के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दोनों जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना है।

भारी बारिश के मद्देनजर देहरादून के जिलाधिकारी ने स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने और संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User