बंगाल: ममता बोलीं- राजनीतिक ‘संन्यास’ नहीं लूंगी, BJP को हाशिए पर धकेलने तक नहीं रुकूंगी

Monday, August 24, 2026 - 18:31
0
बंगाल: ममता बोलीं- राजनीतिक ‘संन्यास’ नहीं लूंगी, BJP को हाशिए पर धकेलने तक नहीं रुकूंगी

कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि वह राजनीति से संन्यास नहीं लेंगी। उन्होंने कहा कि जब तक भाजपा को हाशिए पर नहीं धकेल देतीं, तब तक वह रुकने वाली नहीं हैं।

फेसबुक लाइव के दौरान ममता बनर्जी ने दावा किया कि सरकार बदलने के चार महीने के भीतर ही राज्य की जनता भाजपा का असली चेहरा समझ गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी।

जनगणना और एनआरसी को लेकर सवाल

ममता बनर्जी ने जनगणना की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जनगणना के जरिए नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटिजन्स (एनआरसी) लागू करने की एक और गुप्त कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया राजनीतिक दलों से सलाह किए बिना लागू की गई है।

ममता ने लोगों से जनगणना फॉर्म पर हस्ताक्षर करने और निजी जानकारी साझा करने से पहले सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि ऐसा करने से लोगों की निजी बचत पर भी असर पड़ सकता है।

‘अन्नपूर्णा भंडार’ को लेकर भाजपा पर निशाना

महिलाओं के लिए ‘अन्नपूर्णा भंडार’ आर्थिक सहायता योजना के तहत फंड मिलने में कथित देरी को लेकर राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच ममता ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की भाजपा सरकार अयोग्यता का हवाला देकर लाभार्थियों की संख्या कम कर रही है। ममता ने कहा कि टीएमसी सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना शुरू की थी, जबकि भाजपा ‘अन्नपूर्णा भंडार’ का पैसा देने में धर्म और जाति को आधार बना रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव से पहले सभी महिलाओं को ‘अन्नपूर्णा योजना’ का लाभ देने का वादा किया था, लेकिन अब वह अपने वादे से पीछे हट रही है।

जादवपुर यूनिवर्सिटी की झड़प पर भी बोलीं ममता

जादवपुर यूनिवर्सिटी में एबीवीपी और वामपंथी छात्रों के बीच हुई झड़प को लेकर भी ममता बनर्जी ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कैंपस में तोड़फोड़ करवा रही है।

ममता ने कहा कि कुछ छात्रों के साथ उनके मतभेद हो सकते हैं, लेकिन इसके बावजूद वह उनका सम्मान करती हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User