काकीनाडा नर्सिंग कॉलेज में आंध्र और पूर्वोत्तर के छात्रों में झड़प, सीएम चंद्रबाबू नायडू ने किया हस्तक्षेप
आंध्र प्रदेश के काकीनाडा स्थित एस.के. कॉलेज ऑफ नर्सिंग में स्थानीय और पूर्वोत्तर राज्यों के छात्रों के बीच विवाद के बाद तनाव की स्थिति बन गई। शनिवार को दोनों छात्र समूहों के बीच हुई झड़प में एक छात्रा घायल हो गई। मामला बढ़ने पर मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू को हस्तक्षेप करना पड़ा।
मुख्यमंत्री ने घटना की समीक्षा करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को मामले का समाधान करने और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, काकीनाडा के जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई और छात्रों के लिए जरूरी आवास समेत अन्य व्यवस्थाएं कीं।
बताया गया कि विवाद की शुरुआत छात्रावास में एक मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत से हुई। पूर्वोत्तर के छात्रों ने सरपवरम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आंध्र प्रदेश के छात्रों को इसकी जानकारी मिलने के बाद दोनों समूहों के बीच विवाद बढ़ गया और झड़प हो गई। इस दौरान एक छात्रा के सिर में चोट लगी, जिसका सरकारी अस्पताल में इलाज कराया गया।
मणिपुर के कुछ छात्रों ने कॉलेज परिसर की स्थिति और अपनी सुरक्षा को लेकर मणिपुर सरकार से शिकायत की थी। इसके बाद मणिपुर सरकार ने मामला आंध्र प्रदेश सरकार के सामने उठाया।
मुख्यमंत्री नायडू के निर्देश पर जिला कलेक्टर एम.एन. हरेंद्र प्रसाद और एसपी जी. बिंदु माधव ने कॉलेज परिसर में अधिकारियों की टीम तैनात की। सीएमओ के मुताबिक, स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया है और मामले का सौहार्दपूर्ण समाधान कर दिया गया है। पूर्वोत्तर राज्यों के छात्रों ने प्रशासन की कार्रवाई पर संतोष जताया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)