यूपी: राम मंदिर के पूर्णकालिक सीईओ की नियुक्ति पर अखिलेश का तंज, बोले- नई चीजों से पुरानी बातें नहीं भूलेंगे
लखनऊ। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से राम मंदिर के पूर्णकालिक मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मंदिर से जुड़े पुराने विवादों और कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए भाजपा पर निशाना साधा।
अखिलेश यादव ने कहा, “नई चीजें होने से क्या हम पुरानी चीज भूल जाएंगे? हमें किसी से कोई शिकायत नहीं है।” उन्होंने राम मंदिर से जुड़े दान में कथित अनियमितता का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस मामले में आम कर्मचारियों को जेल भेजा गया, जबकि बड़े नामों पर कार्रवाई नहीं हुई।
सपा अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि भविष्य में ‘राम धन’ की चोरी जैसी स्थिति नहीं होगी। उन्होंने अयोध्या को विश्वस्तरीय शहर के रूप में विकसित किए जाने की जरूरत बताई और भाजपा पर जमीन से जुड़े मामलों में अनियमितता तथा गरीबों को उचित मुआवजा नहीं मिलने का आरोप लगाया।
अखिलेश यादव ने कहा कि अयोध्या के विकास के साथ वहां रहने वाले लोगों के हितों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने जमीन अधिग्रहण और मुआवजे से जुड़े मामलों को लेकर सरकार से सवाल करते हुए कहा कि विकास के नाम पर गरीबों के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।
राम मंदिर के संचालन के लिए पूर्णकालिक सीईओ की नियुक्ति के बीच अखिलेश यादव की यह प्रतिक्रिया राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उन्होंने नियुक्ति का सीधे विरोध करने के बजाय मंदिर से जुड़े पुराने विवादों और कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)