जोधपुर नगर निगम चुनाव में बड़ा उलटफेर, गहलोत के गढ़ में भाजपा जीती; शेखावत के वार्ड में कांग्रेस का दबदबा

Monday, September 14, 2026 - 14:40
0
जोधपुर नगर निगम चुनाव में बड़ा उलटफेर, गहलोत के गढ़ में भाजपा जीती; शेखावत के वार्ड में कांग्रेस का दबदबा

जोधपुर। जोधपुर नगर निगम चुनाव 2026 की मतगणना में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। दिग्गज नेताओं के गढ़ में भी चौंकाने वाले नतीजे सामने आए हैं। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत दर्ज की, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के वार्ड में भाजपा प्रत्याशी ने बाजी मार ली। दोनों प्रमुख नेताओं के प्रभाव वाले इलाकों में हुए इस उलटफेर ने चुनाव परिणाम को और दिलचस्प बना दिया है।

जोधपुर नगर निगम के 100 वार्डों में 385 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला हो रहा है। अब तक सामने आए परिणामों में भाजपा और कांग्रेस के बीच बराबरी की टक्कर दिखाई दे रही है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, भाजपा के 44, कांग्रेस के 44 और अन्य दलों के 11 प्रत्याशी जीत दर्ज कर चुके हैं।

वार्ड 99 में भाजपा की निकिता ने पूर्व महापौर कुंती देवड़ा को 259 वोटों से हराया। वहीं वार्ड 42 में कांग्रेस के शहर जिलाध्यक्ष ओमकार वर्मा को हार का सामना करना पड़ा। भाजपा के पूर्व राज्य मंत्री मेघराज लोहिया ने उन्हें 279 वोटों से शिकस्त दी।

वार्ड 51 का परिणाम भी खास रहा, जहां कांग्रेस की 21 वर्षीय सरस्वती प्रजापत ने जीत दर्ज की। वह चुनाव मैदान में सबसे कम उम्र की प्रत्याशियों में शामिल हैं और यूपीएससी की तैयारी कर रही हैं। उनकी जीत को चुनाव के चर्चित परिणामों में गिना जा रहा है।

वार्ड 28 में भाजपा के प्रत्याशी और राष्ट्रीय स्तर के फुटबॉल खिलाड़ी विकास राघवानी ने जीत हासिल की। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व पार्षद को हराया, जो तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, एक अन्य वार्ड में भाजपा के पूर्व उप महापौर देवेंद्र सालेचा को हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष नरेशचंद्र जोशी ने जीत दर्ज की। दोनों ही नेता महापौर पद की दौड़ में दावेदार माने जा रहे थे।

सबसे ज्यादा चर्चा केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के वार्डों के परिणामों को लेकर है। शेखावत के वार्ड में भाजपा को हार मिली, जबकि गहलोत के वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी को शिकस्त का सामना करना पड़ा और भाजपा ने जीत दर्ज की। इन परिणामों को दोनों दलों के लिए स्थानीय स्तर पर महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

जोधपुर के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में मतगणना जारी है। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की गई, जिसके बाद अन्य मतों की गणना शुरू हुई। मतगणना के लिए कॉलेज के 10 कमरों में अलग-अलग वार्डों के लिए टेबल लगाई गई हैं। परिणाम सामने आने के साथ ही जोधपुर की स्थानीय राजनीति में तस्वीर लगातार साफ होती जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User