बहादुरगढ़ में युवक की हत्या, दोस्तों के साथ शराब पीने के दौरान हुआ विवाद; एक अन्य घायल
बहादुरगढ़ के गांव भापड़ौदा में सोमवार रात दोस्तों के साथ पशुबाड़े में बैठे एक युवक की विवाद के दौरान ईंट लगने से मौत हो गई। घटना में एक अन्य युवक घायल हुआ है, जिसका झज्जर के वर्ल्ड मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान और तलाश में जुटी है।
मृतक की पहचान गांव भापड़ौदा निवासी 32 वर्षीय ओमबीर पुत्र प्रीत के रूप में हुई है। ओमबीर खेतीबाड़ी का काम करते थे। पुलिस के अनुसार, सोमवार रात वह गांव के कुछ लोगों के साथ रवि पुत्र बिजेंद्र के पशुबाड़े में बैठे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने के बाद ओमबीर के सिर पर ईंट से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। घटनास्थल से पुलिस को ईंट भी मिली है। झगड़े में गांव का ही अमित घायल हुआ, जिसे परिजनों ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
सूचना मिलने पर आसौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस विवाद की वजह और घटना में शामिल लोगों की पहचान की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)