ताकुला पुरानी चुंगी के पास हादसा; खाई में गिरी कार, चार लोग घायल
हल्द्वानी से नैनीताल की ओर आ रही एक कार मंगलवार को ताकुला पुरानी चुंगी के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, पिथौरागढ़ निवासी नवीनचंद्र भट्ट (28), कैलाश चंद्र भट्ट (66), देवीदत्त भट्ट (63) और टिहरी गढ़वाल निवासी नितेश (23) किसी काम से कार संख्या यूके 07 एएम 7810 से नैनीताल आ रहे थे। चालक के अनुसार, ताकुला पुरानी चुंगी के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।
स्थानीय निवासी बसंत मेहरा ने कार को खाई में गिरते देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बचाव अभियान शुरू किया। करीब 100 मीटर गहरी खाई से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी स्थिति ठीक है। उन्होंने कहा कि कार कुछ फीट और नीचे चली जाती तो हादसा और गंभीर हो सकता था। फिलहाल सभी कार सवार सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)