वाराणसी में चोरी के शक में मजदूर की पीट-पीटकर हत्या, भट्ठा मालिक और उसका साथी गिरफ्तार

Friday, August 28, 2026 - 23:22
0
वाराणसी में चोरी के शक में मजदूर की पीट-पीटकर हत्या, भट्ठा मालिक और उसका साथी गिरफ्तार

वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के गोसाईंपुर गांव में चोरी के शक में एक मजदूर की पेड़ से बांधकर बर्बरतापूर्वक पिटाई के बाद हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए ईंट-भट्ठा मालिक और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक की पहचान चंदौली जिले के धरायन गांव निवासी 45 वर्षीय रामजनम वनवासी के रूप में हुई है, जो गोसाईंपुर में अपनी ससुराल में रहकर चिरईगांव स्थित ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। 20 अगस्त को रामजनम हड़ियाडीह स्थित भट्ठा मालिक अजय सिंह के ईंट-भट्ठे के पास दिखाई दिया था। चोरी की नीयत का आरोप लगाते हुए अजय सिंह ने अपने साथी विशाल सिंह के साथ मिलकर उसे पकड़ लिया और पेड़ से बांधकर लाठी-डंडों से बेदर्दी से पीटा।

अत्यधिक पिटाई के कारण जब रामजनम बेसुध हो गया, तो आरोपी उसे उसकी ससुराल छोड़ने के लिए ले जाने लगे। हालांकि रास्ते में ही मजदूर की मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी घबराकर शव को धान के खेत में फेंककर मौके से फरार हो गए। 21 अगस्त को पुलिस ने खेत से लावारिस हालत में शव बरामद कर परिजनों से उसकी शिनाख्त कराई थी।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर मजदूर को पेड़ से बांधकर पीटने का वीडियो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। मृतक की पत्नी सीता की लिखित तहरीर के आधार पर चोलापुर पुलिस ने हत्या की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी भट्ठा मालिक अजय सिंह और उसके साथी विशाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User