बरेली-मुरादाबाद शिक्षक एमएलसी चुनाव में 73.69% मतदान, अमरोहा में सबसे ज्यादा वोटिंग
बरेली। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में शुक्रवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। नौ जिलों में कुल 73.69 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अमरोहा में सर्वाधिक 93.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि पीलीभीत में सबसे कम 61.73 प्रतिशत वोट पड़े। चुनाव में 17 प्रत्याशी मैदान में थे।
निर्वाचन कंट्रोल रूम से जारी आंकड़ों के अनुसार, सुबह मतदान की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी रही। शुरुआती दो घंटों में 13.71 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर 12 बजे तक यह आंकड़ा बढ़कर 38.16 प्रतिशत और दोपहर दो बजे तक 59.31 प्रतिशत पहुंच गया। शाम चार बजे मतदान समाप्त होने तक कुल 47,701 पंजीकृत मतदाताओं में से 35,149 ने वोट डाले। इनमें 20,855 पुरुष और 14,294 महिला मतदाता शामिल रहीं।
बरेली में 72.02 प्रतिशत मतदान
बरेली जिले में कुल 6,763 शिक्षक मतदाताओं में से 4,871 ने मतदान किया। यहां मतदान प्रतिशत 72.02 रहा। अन्य जिलों में मुरादाबाद में 75.31 प्रतिशत, रामपुर में 74.86 प्रतिशत, संभल में 71.42 प्रतिशत, शाहजहांपुर में 70.82 प्रतिशत, बदायूं में 70.67 प्रतिशत और बिजनौर में 68.12 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मतदान के लिए नौ जिलों में केंद्र बनाए गए थे। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। रिटर्निंग ऑफिसर शंभू कुमार के अनुसार, मतदान सकुशल संपन्न हुआ और मतपेटियों को सुरक्षित स्ट्रांग रूम में रखवा दिया गया है।
27 अक्टूबर को मतगणना
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। इसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे और निर्वाचित विधान परिषद सदस्य का नाम स्पष्ट होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)