पवन सिंह ने मांगी अक्षरा सिंह से माफी
पवन सिंह और अक्षरा सिंह के बीच के विवाद अक्सर खबरों में रहते हैं। मगर अब यह मामला सुलझता नजर आ रहा है। एक कार्यक्रम के दौरान पवन ने एक्ट्रेस और उनके परिवार से माफी मांगी। इतना ही नहीं उन्होंने भविष्य में साथ काम करने की इच्छा जताई।
पटना। भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह और अभिनेत्री अक्षरा सिंह का रिश्ता काफी विवादों में रहा है। कई बार एक्ट्रेस ने पवन को लेकर बयान भी दिए। मगर अब एक्टर ने शायद इस लड़ाई को यहीं खत्म करने का फैसला ले लिया हैं। हाल ही में एक कार्यक्रम में एक्ट्रेस से माफी मांगी। इतना ही नहीं उन्होंने अक्षरा के परिवार के लिए भी काफी कुछ कहा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पवन सिंह नवरात्री के अवसर पर मुंगेर में हुए एक कार्यक्रम में शामिल हुए। जहां मंच से फैंस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘अक्षरा सिंह तुम मेरी बाबू, मेरा बच्चा हो। तुम्हारे पिता में भाई और मां मेरी भाभी हैं। उनकी मैं इज्जत करता हूं। मैं तुमसे दिल से माफी मांगना चाहता हूं।’
इसी दौरान जब कार्यक्रम में मौजूद फैन ने पवन सिंह से पूछा कि क्या वह दोनों फिर से पर्दे पर नजर आएंगे? तो पवन ने कहा- 'बहुत जल्दी जोड़ी नजर आएगी और मेरे बच्चे को लगता है की मुझसे गलती हुआ है तो मैं उनको दिल से सॉरी बोलता हूं।'
पवन ने आगे कहा, 'मां-बाप होते हैं, उनसे बड़ा कोई नहीं होता है। अक्षरा जी के माता-पिता को मेरे चलते अगर बुरा महसूस हुआ है। गलत लगा है तो मैं भैया-भाभी को दिल से सॉरी बोलता हूं और प्रणाम करता हूं।'
इस वायरल वीडियो पर पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने भी टिप्पणी दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा, ‘वाह रे राजपूताना स्वाभिमान’ बीते कई समय से पवन और ज्योति के बीच कोर्ट में तलाक का मामला चल रहा है। इसके साथ ही एलिमनी को लेकर भी विवाद है। हाल ही में कोर्ट की सुनवाई में ज्योति अकेले पहुंचीं। जहां पवन को उनकी गैरमौजूगी के लिए कोर्ट ने जुर्माना लगाया है।
अभिनेता पवन सिंह और अभिनेत्री अक्षरा सिंह का कथित अफेयर कई साल तक सुर्खियों में रहा। इस दौरान एक्ट्रेस ने पवन पर नियंत्रणकारी, प्रताड़ना भरा व्यवहार के आरोप लगाये। इतना ही नहीं एक्ट्रेस ने यह भी कहा कि पवन नशे में उन पर हाथ उठाते हैं। अक्षरा से रिश्ते के बावजूद उन्होंने 2018 में ज्योति सिंह से शादी कर ली। इस कथित धोखे के बाद 2019 में अक्षरा ने पवन सिंह पर एफआईआर दर्ज कराई थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)