यूपी विधान परिषद की 11 सीटों पर 55.24% मतदान, गोरखपुर-फैजाबाद में सबसे ज्यादा वोटिंग
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान संपन्न हो गया। पांच खंड स्नातक और छह खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 55.24 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में स्नातक सीटों की तुलना में अधिक मतदान हुआ। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सबसे अधिक 79.01 प्रतिशत वोट पड़े, जबकि लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सबसे कम 38.02 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इन सीटों पर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान हुआ। चुनाव में कुल 152 प्रत्याशी मैदान में थे और 14.81 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत थे। मतदान प्रक्रिया की निगरानी और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने प्रदेशभर में पर्यवेक्षकों और मजिस्ट्रेटों की तैनाती की। मतदान केंद्रों पर वीडियोग्राफी कराई गई और जिलों में कंट्रोल रूम के माध्यम से निगरानी की गई।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान का आंकड़ा
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 79.01 प्रतिशत मतदान हुआ। बरेली-मुरादाबाद में 73.69 प्रतिशत, वाराणसी में 68.21 प्रतिशत, आगरा में 63.84 प्रतिशत, मेरठ में 60.80 प्रतिशत और लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 50.92 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
स्नातक सीटों पर अपेक्षाकृत कम मतदान
खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में आगरा में 51 प्रतिशत मतदान हुआ। इलाहाबाद-झांसी में 41.40 प्रतिशत, वाराणसी में 41.01 प्रतिशत, मेरठ में 39.81 प्रतिशत और लखनऊ में 38.02 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
27 अक्टूबर को होगी मतगणना
विधान परिषद की इन 11 सीटों के चुनाव की मतगणना 27 अक्टूबर को कराई जाएगी। परिणाम के बाद स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से चुने जाने वाले प्रतिनिधियों की स्थिति स्पष्ट होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)