12,300 रुपये में नहीं चलेगा काम! जम्मू-कश्मीर में एमबीबीएस-बीडीएस इंटर्न्स की अनिश्चितकालीन हड़ताल

Monday, August 31, 2026 - 17:56
0
12,300 रुपये में नहीं चलेगा काम! जम्मू-कश्मीर में एमबीबीएस-बीडीएस इंटर्न्स की अनिश्चितकालीन हड़ताल

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस और बीडीएस इंटर्न्स ने कम स्टाइपेंड के विरोध में सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। इंटर्न्स की मांग है कि मौजूदा 12,300 रुपये मासिक स्टाइपेंड को बढ़ाकर 30,000 रुपये किया जाए। जम्मू समेत विभिन्न स्थानों पर इंटर्न्स ने धरना देकर अपनी मांग सरकार के सामने रखी।

प्रदर्शनकारी इंटर्न्स का कहना है कि पिछले करीब सात वर्षों से उनके स्टाइपेंड में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है, जबकि इस अवधि में महंगाई काफी बढ़ चुकी है। उनका दावा है कि कई अन्य राज्यों में मेडिकल इंटर्न्स को जम्मू-कश्मीर की तुलना में काफी अधिक स्टाइपेंड दिया जा रहा है।

इंटर्न्स के मुताबिक, प्रशिक्षण के दौरान उन्हें अस्पतालों में नियमित जिम्मेदारियां निभानी पड़ती हैं। वे इमरजेंसी विभाग में मरीजों की शुरुआती देखभाल, ओपीडी, वार्ड और विभिन्न चिकित्सा प्रक्रियाओं में डॉक्टरों की सहायता करते हैं। इसके अलावा उन्हें नाइट शिफ्ट, 24 घंटे की ड्यूटी और कई बार ग्रामीण क्षेत्रों में तैनाती भी दी जाती है।

प्रदर्शनकारी इंटर्न डॉ. शाहनवाज ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में उन्हें करीब 12,300 रुपये प्रतिमाह यानी लगभग 400 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से स्टाइपेंड मिलता है, जबकि कई राज्यों में इंटर्न्स को 25 हजार से 45 हजार रुपये तक मासिक स्टाइपेंड दिया जा रहा है। उनका कहना है कि जिम्मेदारियों में समानता होने के बावजूद भुगतान में इतना बड़ा अंतर उचित नहीं है।

वहीं, एक अन्य प्रदर्शनकारी डॉ. अभिनव भट्ट ने कहा कि स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर इंटर्न्स ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि अब केवल मौखिक आश्वासन से बात नहीं बनेगी और सरकार से स्टाइपेंड बढ़ाने को लेकर लिखित आदेश की मांग की जा रही है।

इंटर्न्स ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांग पर ठोस फैसला नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उनकी मुख्य मांग मौजूदा 12,300 रुपये के स्टाइपेंड को बढ़ाकर 30,000 रुपये प्रतिमाह करने की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User