देहरादून में राहुल गांधी पर एफआईआर के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, मुकदमा रद्द नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

Monday, August 31, 2026 - 17:58
0
देहरादून में राहुल गांधी पर एफआईआर के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, मुकदमा रद्द नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

देहरादून। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने विरोध तेज कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना सोमवार को डीजीपी कार्यालय पहुंचे और पुलिस महानिदेशक को ज्ञापन सौंपकर एफआईआर तत्काल निरस्त करने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में एससी/एसटी एक्ट समेत कई धाराएं लगाई गई हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राहुल गांधी ने 29 अगस्त को नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान 11 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ और धार्मिक अनुष्ठान को लेकर टिप्पणी की थी। कांग्रेस ने एफआईआर को झूठा, निराधार और राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताया है।

धस्माना ने आरोप लगाया कि 8 अगस्त को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी में हुई रैली के बाद कुछ हिंदूवादी संगठनों की ओर से रामलीला मैदान में कथित शुद्धिकरण किया गया था। कांग्रेस का दावा है कि इस घटना से जुड़े वीडियो साक्ष्य मौजूद होने के बावजूद पुलिस ने संबंधित लोगों के खिलाफ अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर दी गई, जबकि रामलीला मैदान की घटना को लेकर पुलिस की कार्रवाई सवालों के घेरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड पुलिस सत्ता के दबाव में काम कर रही है।

कांग्रेस ने डीजीपी के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं। पार्टी ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर की निष्पक्ष जांच कर उसे तत्काल निरस्त करने, रामलीला मैदान में कथित शुद्धिकरण करने वाले गिरीश पांडेय और उनके साथियों के खिलाफ उपलब्ध वीडियो साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने तथा शिकायतकर्ता अमित कुमार के कथित राजनीतिक संबंधों की जांच कराने की मांग की है।

कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमा निरस्त नहीं किया गया और उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी। दूसरी ओर, मामले में पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के बाद ही आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User