रियासी में दर्दनाक सड़क हादसा, बेकाबू होकर पलटी मिनी बस; दो यात्रियों की मौत, पांच घायल
रियासी। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब सारंगधर से रियासी की ओर जा रही एक मिनी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल रियासी पहुंचाया गया।
जानकारी के मुताबिक, मिनी बस में सवार लोग सारंगधर से रियासी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वाहन के एक टायर के फटने की बात सामने आई, जिसके बाद चालक का बस पर से नियंत्रण बिगड़ गया। इसके चलते मिनी बस सड़क पर पलट गई। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हादसे के बाद सभी सात यात्रियों को जिला अस्पताल रियासी ले जाया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, यहां दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। इनमें करीब 48 वर्षीय एक व्यक्ति की हादसे में ही मौत हो गई थी, जबकि करीब 35 वर्षीय एक गंभीर घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल पांच लोगों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए जीएमसी अस्पताल जम्मू रेफर किया गया है। वहीं, तीन अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल रियासी में जारी है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)