गंगा दशहरा पर यमुना में स्नान के दौरान हादसा, 16 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत

Wednesday, June 24, 2026 - 15:27
0
गंगा दशहरा पर यमुना में स्नान के दौरान हादसा, 16 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत

मथुरा। (आरएनआई) गंगा दशहरा के पावन पर्व पर यमुना स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। महावन थाना क्षेत्र के टाटम्बरी घाट पर स्नान कर रहे दो युवक गहरे पानी में चले गए। इनमें से एक युवक को नाविकों ने सुरक्षित बचा लिया, जबकि 16 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालुओं में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, अनिल कुमार (24 वर्ष) और कान्हा (16 वर्ष) गंगा दशहरा के अवसर पर टाटम्बरी घाट पर यमुना स्नान करने पहुंचे थे। कान्हा मूल रूप से बरौली गांव, थाना बलदेव क्षेत्र का निवासी था और टाटम्बरी आश्रम में रहकर गौसेवा का कार्य करता था। पर्व के चलते घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे हुए थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्नान के दौरान दोनों युवक अचानक गहरे पानी में पहुंच गए और डूबने लगे। उनकी चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद नाविक तुरंत बचाव कार्य में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद अनिल कुमार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन कान्हा तेज बहाव और गहराई के कारण पानी में लापता हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश अभियान चलाया गया। काफी खोजबीन के बाद कान्हा को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं प्रशासन ने श्रद्धालुओं से नदी में स्नान के दौरान सावधानी बरतने और गहरे पानी में जाने से बचने की अपील की है। गंगा दशहरा जैसे धार्मिक अवसरों पर बड़ी संख्या में लोगों के घाटों पर पहुंचने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता भी महसूस की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User