लखनऊ अग्निकांड के बाद बरेली में सख्ती, ओमेगा क्लासेस सील; एक कमरे में बैठ रहे थे 150 छात्र
बरेली। (आरएनआई) लखनऊ में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) और प्रशासन ने कोचिंग सेंटरों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। दूसरे दिन भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जांच जारी रही, जिसमें कई कोचिंग संस्थान सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते पाए गए। कार्रवाई के दौरान राजेंद्र नगर स्थित ओमेगा क्लासेस को सील कर दिया गया।
जांच में सामने आया कि ओमेगा क्लासेस बिना आवश्यक अनुमतियों और सुरक्षा मानकों के संचालित हो रहा था। संस्थान के पास बीडीए और अग्निशमन विभाग (फायर) की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) भी नहीं थी। अधिकारियों को यह देखकर हैरानी हुई कि कोचिंग के एक ही कमरे में करीब 150 छात्रों को बैठाकर कक्षाएं संचालित की जा रही थीं, जिससे किसी भी आपात स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था।
अभियान के दौरान कई आवासीय भवनों में भी कोचिंग सेंटर संचालित होते मिले। निरीक्षण में पाया गया कि कुछ इमारतों में छात्रों के आवागमन के लिए बनी सीढ़ियां एक फीट से भी कम चौड़ी थीं। ऐसे संकरे रास्ते आग या अन्य आपदा की स्थिति में छात्रों की सुरक्षित निकासी के लिए गंभीर खतरा साबित हो सकते हैं।
बीडीए अधिकारियों का कहना है कि कई संस्थान व्यावसायिक गतिविधियों के लिए निर्धारित नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। बिना फायर सेफ्टी इंतजाम, आपातकालीन निकास और आवश्यक अनुमतियों के सैकड़ों छात्रों की जान जोखिम में डालकर कोचिंग सेंटर संचालित किए जा रहे हैं।
प्राधिकरण ने ऐसे भवन स्वामियों और संचालकों को चिन्हित करना शुरू कर दिया है, जो आवासीय भवनों का व्यावसायिक उपयोग कर रहे हैं। जल्द ही उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे और नियमों का पालन न करने पर सीलिंग सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बीडीए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में शहरभर में जांच अभियान और तेज किया जाएगा तथा सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



