उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति में बड़ा विवाद, अध्यक्ष शेखर पंडित पद से बर्खास्त
प्रभात कुमार त्रिपाठी
उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) में बड़ा संगठनात्मक विवाद सामने आया है। समिति के संयोजक प्रभात त्रिपाठी ने सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय के बाद समिति के अध्यक्ष शेखर पंडित को उनके पद से बर्खास्त कर दिया है।
समिति की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, शेखर पंडित पर अनुशासनहीनता, समिति को अस्थिर करने, सोशल मीडिया पर समिति और संयोजक के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने तथा एक संगठन के इशारे पर लगातार समिति को कमजोर करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इन्हीं आरोपों के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
बर्खास्तगी पत्र पर महासचिव ज्ञानेश पाठक, उपाध्यक्ष के. के. सिंह, जितेंद्र कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष विक्रम राव और संयुक्त सचिव अर्चना गुप्ता के हस्ताक्षर बताए गए हैं। समिति का कहना है कि यह निर्णय सभी पदाधिकारियों की सहमति से लिया गया।



बताया गया कि इससे पहले 24 मई को कोषाध्यक्ष विक्रम राव ने संयोजक प्रभात त्रिपाठी को एक शिकायत पत्र सौंपा था। इस पत्र में आरोप लगाया गया था कि शेखर पंडित समिति विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं और संगठन के खिलाफ षड्यंत्र रच रहे हैं। शिकायत पत्र में भी समिति के कई पदाधिकारियों के हस्ताक्षर शामिल थे।
समिति की ओर से यह भी कहा गया कि शेखर पंडित ने पद ग्रहण करते समय शपथ पत्र में समिति के नियमों का पालन करने और अनुशासन बनाए रखने की शपथ ली थी, लेकिन उन्होंने उस शपथ का उल्लंघन किया।
संयोजक प्रभात त्रिपाठी ने कहा कि बर्खास्तगी के कई अन्य कारण भी हैं और उनसे जुड़े पत्र तथा वीडियो जल्द सार्वजनिक किए जाएंगे। इस घटनाक्रम के बाद पत्रकार संगठन के भीतर आंतरिक विवाद और खींचतान की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)