सुलतानपुर में सरस्वती शिशु मंदिर का वार्षिक उत्सव सम्पन्न, प्रतिभा अलंकरण में मेधावियों का हुआ सम्मान
सुलतानपुर (आरएनआई) सरस्वती शिशु मंदिर, झारखंड, कादीपुर में वार्षिक उत्सव एवं प्रतिभा अलंकरण समारोह भव्य एवं गरिमामयी वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य अतिथियों, अभिभावकों एवं समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश शासन के समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड रहे। विशिष्ट अतिथियों में राजेश गौतम विधायक, कादीपुर, आनंद जायसवाल अध्यक्ष, नगर पंचायत कादीपुर सहित विद्यालय के अध्यक्ष केशव प्रसाद मिश्रा, प्रबंधक गजेंद्र बहादुर सिंह, कोषाध्यक्ष संदीप अग्रहरि,विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य अवधेश कुमार मिश्र उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। इसके पश्चात भैया-बहनों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने पूरे वातावरण को भक्ति एवं सांस्कृतिक भाव से ओत-प्रोत कर दिया। तत्पश्चात विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत किया गया।

प्रधानाचार्य अशोक उपाध्याय ने मंच से सभी अतिथियों का परिचय कराते हुए विद्यालय की उपलब्धियों एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इसके उपरांत परीक्षा प्रमुख राम गणेश द्वारा वार्षिक परीक्षा परिणाम की घोषणा की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं की सराहना की गई।
कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में भैया-बहनों ने नृत्य, नाटक, गीत एवं देशभक्ति कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक संदेशों का सुंदर चित्रण किया गया।

प्रतिभा अलंकरण समारोह के अंतर्गत विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा पुरस्कार, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पीजी: अयांश सिंह – 94% एलकेजी: तनुष मिश्रा – 98% (सर्वाधिक अंक)
यूकेजी: प्रज्वल उपाध्याय – 93.31%
कक्षा प्रथम: अनुश्री यादव – 96.11%
कक्षा द्वितीय (A): प्रियल यादव – 97.9% (सर्वाधिक अंक कक्षा 2-5)
कक्षा द्वितीय (B): श्रेजल गुप्ता – 94%
कक्षा तृतीय: इति मिश्रा – 94.3%
कक्षा चतुर्थ: शिवांश मिश्रा – 93.35%
कक्षा पंचम: कुशाग्र उपाध्याय – 95.5%
इस अवसर पर विद्यार्थियों का उत्साह एवं अभिभावकों की प्रसन्नता देखते ही बनती थी।
मुख्य अतिथि संजीव कुमार गोंड ने अपने संबोधन में विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विद्यालय को स्मार्ट क्लास से सुसज्जित करने की घोषणा की। वहीं विधायक श्री राजेश गौतम ने विद्यालय के सर्वांगीण विकास हेतु हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
प्रधानाचार्य अशोक उपाध्याय ने अपने उद्बोधन में कार्यक्रम की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की तथा शिक्षा के साथ संस्कारों के महत्व को रेखांकित किया।
अंत में विद्यालय के कोषाध्यक्ष संदीप अग्रहरि ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, अनुशासन एवं भव्यता का अद्भुत समन्वय देखने को मिला, जिससे यह समारोह सभी के लिए अविस्मरणीय बन गया।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)